राज्यउत्तर प्रदेश

EV Charging: नोएडा में बनेंगे 100 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन, पेट्रोल पंपों के पास मिलेगी चार्जिंग सुविधा

EV Charging: नोएडा में बनेंगे 100 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन, पेट्रोल पंपों के पास मिलेगी चार्जिंग सुविधा

नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण पहले चरण में 100 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगा। इस परियोजना के लिए प्राधिकरण इंडियन टेलीफोन इंडस्ट्रीज (आईटीआई), नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) और केल्ट्रान (KELTRON) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) करने की तैयारी कर रहा है।

अधिकारियों के अनुसार अगले एक सप्ताह के भीतर एमओयू का मसौदा नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के समक्ष मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद तीनों संस्थाओं के साथ औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि शहर में चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से आधुनिक चार्जिंग नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में 100 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, ताकि ईवी उपयोगकर्ताओं को शहर के विभिन्न हिस्सों में आसानी से चार्जिंग सुविधा उपलब्ध हो सके।

योजना के तहत चार्जिंग स्टेशनों के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन नोएडा प्राधिकरण करेगा, जबकि इनका संचालन, रखरखाव और तकनीकी प्रबंधन संबंधित कंपनियां संभालेंगी। प्राधिकरण इन कंपनियों को लीज पर भूमि उपलब्ध कराएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी चार्जिंग स्टेशन निर्धारित सुरक्षा मानकों और तकनीकी दिशानिर्देशों के अनुरूप स्थापित किए जाएं।

नोएडा प्राधिकरण की प्राथमिकता ऐसे स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की है, जहां वाहन चालकों को अधिक सुविधा मिल सके। इसी वजह से अधिकांश चार्जिंग स्टेशन पेट्रोल पंपों और उनके आसपास स्थापित किए जाएंगे, ताकि वाहन मालिक एक ही स्थान पर ईंधन और इलेक्ट्रिक चार्जिंग दोनों सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

इसके अलावा शहर में पहले से स्थापित ईईएसएल (EESL) के बंद या खराब पड़े चार्जिंग स्टेशनों को भी दोबारा चालू करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे मौजूदा चार्जिंग नेटवर्क को भी मजबूत किया जाएगा और ईवी चालकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

वर्तमान में नोएडा में 16 हजार से अधिक चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं और हर महीने इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने, प्रदूषण कम करने और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button