Noida Domestic Dispute: लोटस पनास सोसाइटी में महिला ने पति समेत पांच लोगों पर उत्पीड़न का लगाया आरोप
नोएडा के सेक्टर-110 स्थित लोटस पनास सोसाइटी में रहने वाली माधवी अहलावत ने अपने पति और ससुराल पक्ष के चार अन्य लोगों पर उत्पीड़न, मारपीट और सामान ले जाने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास, मामा-मामी और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में माधवी ने बताया कि उनकी शादी अप्रैल 2025 में हापुड़ जिले के ददायरा गांव निवासी राहुल के साथ हुई थी। शादी के बाद उनका परिवार करीब एक साल से सेक्टर-110 स्थित लोटस पनास सोसाइटी में रह रहा था। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उन्हें परेशान करने लगे थे।
माधवी के मुताबिक, 31 अगस्त को उनके साथ मारपीट की गई। विरोध करने पर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से बेड, एसी, कपड़े, गहने सहित अन्य सामान और दो लाख रुपये लेकर चले गए।
महिला ने बताया कि इस मामले में वह पहले हापुड़ में भी शिकायत दे चुकी हैं। अब उनकी शिकायत के आधार पर नोएडा पुलिस ने पति राहुल, सास, मामा-मामी और ननद के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


