Noida Security: नवरात्र और दशहरे पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस और आरडब्ल्यूए की बैठक, गश्त बढ़ाने पर जोर
नोएडा के सेक्टर-27 में नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आवासीय कल्याण समिति और पुलिस टीम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर-18 चौकी प्रभारी विवेक शर्मा, अभिषेक सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सेक्टर-27 और आसपास के बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में समिति के अध्यक्ष कन्हैया लाल अवाना ने सेक्टर में चोरी की घटनाओं और पार्कों में असामाजिक तत्वों के जमावड़े की समस्या उठाई। उन्होंने नशा करने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी चिंता जताई और पुलिस से ऐसे मामलों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की। समिति की ओर से कहा गया कि त्योहारों के दौरान बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
बैठक में सब मॉल की पार्किंग में लंबे समय से खड़े अनुपयोगी वाहनों का मुद्दा भी उठाया गया। समिति ने ऐसे वाहनों को हटवाने और उनके मालिकों तक सूचना पहुंचाने की मांग की, ताकि उनका किसी गलत गतिविधि में इस्तेमाल न हो सके। इस विषय पर संबंधित स्तर पर कार्रवाई किए जाने की जरूरत बताई गई।
इसके अलावा बाजारों में आने वाले ग्राहकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की गई। समिति का कहना था कि इससे लोगों के घरों के सामने अनावश्यक रूप से गाड़ियां खड़ी होने की समस्या कम होगी और स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
बैठक में बीबी बलेचा, केएस कनक, जेएस वर्मा, पन्ना लाल शर्मा, सुरेंद्र कुमार, केदार गुप्ता और निखिल पांडे सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में पुलिस और आरडब्ल्यूए के बीच समन्वय के माध्यम से त्योहारों के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।

