Noida Cyber Fraud: निवेश का झांसा देकर रिटायर्ड इंजीनियर से ₹75 लाख की ठगी, WhatsApp ग्रुप से जाल बिछाया
नोएडा में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर टेलीकॉम विभाग से रिटायर्ड एक बुजुर्ग इंजीनियर से करीब ₹75 लाख से अधिक की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित Alok Sahdev सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हैमलेट सोसायटी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 25 फरवरी 2026 को उन्हें एक WhatsApp ग्रुप में जोड़ा गया, जिसका नाम “वेल्थ एलायंस” बताया गया था। इस ग्रुप में शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफे का दावा किया जा रहा था।
ग्रुप में मौजूद लोग लगातार मुनाफे के स्क्रीनशॉट और ट्रेडिंग के कथित रिकॉर्ड शेयर कर रहे थे, जिससे भरोसा बढ़ता गया। आरोपियों ने एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया और कहा कि इसके जरिए भारतीय और विदेशी बाजारों में निवेश किया जा सकता है।
शुरुआत में पीड़ित ने छोटी रकम निवेश की, जिस पर उन्हें लगभग ₹8,000 का मुनाफा दिखाया गया और यह रकम उनके खाते में वापस भी आ गई। इसी से उनका भरोसा पूरी तरह बन गया। इसके बाद ठगों ने उन्हें धीरे-धीरे बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया।
आरोपियों ने झांसा दिया कि निवेश बनाए रखने के लिए न्यूनतम बैलेंस जरूरी है और आईपीओ में निवेश करने पर भारी लाभ मिलेगा। साथ ही यह धमकी भी दी गई कि अगर अतिरिक्त पैसा नहीं डाला गया तो उनका अकाउंट फ्रीज कर दिया जाएगा।
इसके बाद पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में लगातार पैसे ट्रांसफर करवाए गए। जब उन्होंने आगे पैसे देने से इनकार किया, तो उनका ऐप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया, WhatsApp ग्रुप से हटा दिया गया और दिखाया गया पूरा मुनाफा भी गायब हो गया।
कुल मिलाकर आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से ₹75,64,047 की ठगी की। पुलिस के अनुसार, रकम कई अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है, जिनकी जांच की जा रही है। साइबर क्राइम टीम अब इन खातों और नेटवर्क की ट्रेसिंग में जुटी है।
अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी तरह से फर्जी निवेश स्कीम थी, जिसमें पहले छोटे मुनाफे का लालच देकर विश्वास बनाया गया और फिर बड़ी ठगी को अंजाम दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान निवेश ग्रुप या ऐप में पैसे लगाने से पहले पूरी जांच जरूर करें।


