Noida Crime: सरियों से भरा ट्रक चोरी करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, चोरी का ट्रक और पूरा माल बरामद

Noida Crime: सरियों से भरा ट्रक चोरी करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, चोरी का ट्रक और पूरा माल बरामद
नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सरियों से लदे ट्रक की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रक, उसमें लदा लगभग 11.5 टन सरिया तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार हाथरस जिले के थाना सासनी क्षेत्र के गांव बांधनू निवासी ट्रक चालक गोपीचंद 23 जुलाई की रात सिकंद्राराऊ से ट्रक में सरिया लादकर दिल्ली जा रहा था। बुलंदशहर मार्ग पर रबूपुरा थाना क्षेत्र के चचूरा गांव के पास वह एक दुकान पर चाय पीने के लिए रुका और कुछ देर आराम करने लगा। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दनकौर थाना क्षेत्र के मंडपा गांव निवासी मुरसलीम, सिकंदराबाद के तिल बेगमपुर निवासी गुलजार, बिहार के अररिया निवासी मोहम्मद अमर तथा जारचा थाना क्षेत्र के बिसाहड़ा गांव निवासी चुनमुन उर्फ पुनीत कुमार के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रक और उसमें रखा पूरा सरिया सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई हैं। पुलिस के मुताबिक मुरसलीम और गुलजार के खिलाफ गौतमबुद्धनगर तथा बुलंदशहर के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।




