Noida Crime: गाली-गलौज का विरोध करने पर युवक पर नुकीली चीज से हमला, जान से मारने की धमकी
नोएडा। सदरपुर में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बातचीत के दौरान शुरू हुए विवाद में आरोपी ने युवक पर नुकीली चीज से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-45 स्थित सदरपुर निवासी रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 12 अक्टूबर की रात रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान युनुस पठान वहां पहुंचा और उससे हाथ मिलाने लगा। आरोप है कि बातचीत के दौरान युनुस ने रोहित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। रोहित ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उस पर नुकीली चीज से हमला कर दिया। हमले में रोहित घायल हो गया।
पीड़ित के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। घटना के बाद रोहित ने पुलिस से संपर्क कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
