Noida Crime: इटली में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 2 लाख की ठगी, छह महीने बाद खुला फर्जी जॉब रैकेट

0
1
Noida NCR News in Hindi

Noida Crime: इटली में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 2 लाख की ठगी, छह महीने बाद खुला फर्जी जॉब रैकेट

विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर लोगों को ठगने वाले साइबर जालसाजों का एक और मामला नोएडा में सामने आया है। सेक्टर-22 निवासी एक युवक से इटली में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पंजीकरण, वीजा और हवाई टिकट के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। करीब छह महीने तक नौकरी न मिलने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-22 चौड़ा गांव निवासी अंशु जनवरी माह में इंटरनेट पर इटली में नौकरी की जानकारी तलाश रहे थे। इसी दौरान उनके पास जेनिफर पर्ल नाम की महिला का फोन आया। महिला ने जल्द इटली में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते हुए उनका बायोडाटा और अन्य दस्तावेज मंगवाए।

इसके बाद अंशु की बातचीत कुलवंत सिंह और एम. राठौर नाम के दो अन्य लोगों से कराई गई। तीनों ने मिलकर पहले पंजीकरण के नाम पर पांच हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद वीजा, हवाई टिकट और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग किश्तों में करीब दो लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

समय बीतने के बावजूद जब नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे। इस पर तीनों ने बहाने बनाने शुरू कर दिए और बाद में पूरी तरह संपर्क बंद कर दिया। तब अंशु को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।

पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-24 थाना पुलिस ने जेनिफर पर्ल, कुलवंत सिंह और एम. राठौर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान और बैंक लेनदेन की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पता लगाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर इंटरनेट या सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाले प्रस्तावों की पहले पूरी तरह जांच करें और किसी भी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर करने से बचें।