राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Crime: तीन साल से फरार गैंगस्टर एक्ट का आरोपी वाहन चोर गिरफ्तार, सूरजपुर से पुलिस ने दबोचा

Noida Crime: तीन साल से फरार गैंगस्टर एक्ट का आरोपी वाहन चोर गिरफ्तार, सूरजपुर से पुलिस ने दबोचा

नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में वांछित और गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सूरजपुर घंटा चौक स्थित टेंपो स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के भरतपुर जिले के लाडलाका गांव निवासी इंसाफ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में थाना फेज-1 में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था।

एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने राजस्थान समेत कई संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन हर बार वह पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि इंसाफ दोबारा नोएडा पहुंचा है और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस ने जाल बिछाया और सूरजपुर घंटा चौक के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और वाहन चोरी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फरारी के दौरान वह किन-किन राज्यों में सक्रिय रहा और किन मामलों में उसकी संलिप्तता रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी दोबारा जांच की जा रही है। यदि पूछताछ में अन्य मामलों का खुलासा होता है तो उसके खिलाफ आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button