Noida Crime: नोएडा में पुलिस और स्कूटी सवार बदमाश के बीच मुठभेड़, गोली लगने से आरोपी घायल
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एफएनजी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और एक स्कूटी सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद घायल बदमाश को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की पहचान फराज पुत्र मोहम्मद असलम, निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है।
एडिशनल डीसीपी नोएडा जोन सुमित शुक्ला ने बताया कि बदमाश से एक तमंचा, कारतूस, लूट के छह मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की एक सुजुकी स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एफएनजी रोड पर एक संदिग्ध स्कूटी सवार घूम रहा है, जिस पर गश्त के दौरान उसे रोकने की कोशिश की गई। लेकिन बदमाश ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायर किया, जिससे गोली बदमाश के पैर में जा लगी।
फिलहाल आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह किन-किन वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाश के अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा और लूटे गए सामान की बरामदगी की जाएगी। पुलिस इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी सफलता मान रही है और आगे भी ऐसे अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए क्षेत्र में सघन चेकिंग और गश्त अभियान जारी रहेगा।
