Noida Court:दनकौर सड़क हादसा मामला: युवक की मौत के केस में आरोपी को मिली अग्रिम जमानत
Noida Court:दनकौर सड़क हादसा मामला: युवक की मौत के केस में आरोपी को मिली अग्रिम जमानत
नोएडा की जिला अदालत ने दनकौर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में आरोपी सचिन को अग्रिम जमानत दे दी है। अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी को आरोपपत्र दाखिल होने तक गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान किया है।
यह मामला दनकौर थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी देवेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका भाई बबलू बीती 7 फरवरी को सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बबलू को परिजन और स्थानीय लोग तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दुर्घटना ट्रैक्टर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुई।
पुलिस ने मामले में शुरुआत में अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। बाद में जांच के दौरान आरोपी की पहचान की गई।
अदालत ने केस डायरी और पुलिस दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद आरोपी सचिन की अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली।





