Noida: फर्जी दस्तावेजों के जरिए फ्लैट बेचने का मामला दर्ज, बिल्डर और बैंक प्रबंधन पर धोखाधड़ी के आरोप
Noida: फर्जी दस्तावेजों के जरिए फ्लैट बेचने का मामला दर्ज, बिल्डर और बैंक प्रबंधन पर धोखाधड़ी के आरोप
Noida के सेक्टर-70 स्थित बसई बाउद्दीन नगर गांव में फ्लैट बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने बिल्डर और बैंक प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दीपक कुमार झा, जो बसई बाउद्दीन नगर गांव के निवासी हैं, ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 10 मार्च 2017 को हरित टावर में 23 लाख 50 हजार रुपये में एक फ्लैट खरीदा था। फ्लैट का बैनामा सौरभ राणा द्वारा किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने सौरभ राणा को 5 लाख 10 हजार रुपये का भुगतान किया था, जबकि बाकी 18 लाख 40 हजार रुपये बैंक से ऋण लेकर चुकाए गए थे।
दीपक कुमार झा का आरोप है कि फ्लैट खरीद के समय बैंक को फ्लैट से जुड़े सभी दस्तावेज और प्राधिकरण द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र दिखाए गए थे। वह वर्ष 2017 से फ्लैट में मालिक के रूप में रह रहे हैं। लेकिन बाद में जानकारी मिली कि बिल्डर ने हरित टावर से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे और उसी आधार पर फ्लैट बेचे गए।
पीड़ित के मुताबिक बिल्डर ने फ्लैट बेचते समय दावा किया था कि जमीन पर Noida Authority का कोई बकाया नहीं है और सभी जरूरी एनओसी प्राप्त की जा चुकी हैं। हालांकि आरटीआई के जरिए एक फरवरी 2022 को उन्हें पता चला कि जिस जमीन पर टावर बनाए गए हैं, उसके लिए प्राधिकरण से कोई वैध एनओसी नहीं ली गई थी।
शिकायतकर्ता ने बैंक प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बैंक ने बिना पर्याप्त जांच किए ही ऋण स्वीकृत कर दिया। बाद में जांच में यह भी सामने आया कि जिस जमीन पर फ्लैट बने हैं, वह विवादित बताई जा रही है। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरे मामले में बिल्डर और बैंक प्रबंधन की मिलीभगत हो सकती है।
पीड़ित ने बताया कि थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें न्यायालय का सहारा लेना पड़ा। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



