
New Delhi : कोयंबटूर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजस्थानी समुदाय के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनके संघर्ष, परिश्रम और उद्यमशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्थानी समाज का कार्यशील स्वभाव और दृढ़ विश्वास न केवल नई पीढ़ियों को सशक्त बनाता है, बल्कि देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भावुक भी नजर आईं और उन्होंने कहा कि राजस्थानी परिवारों के बीच पहुंचना उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने समुदाय द्वारा किए गए स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान की वीरता और साहस इस समाज की पहचान है और यहां की महिलाएं भी समान रूप से मजबूत और प्रेरणादायक हैं।
उन्होंने कहा कि कोयंबटूर में दशकों से बसे राजस्थानी परिवारों ने अपने व्यापार, मेहनत और समर्पण से न केवल शहर बल्कि तमिलनाडु के विकास में भी अहम योगदान दिया है। कई परिवार पिछले 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं और अब उनकी नई पीढ़ियां यहीं पली-बढ़ी हैं, जिन्होंने इस शहर को अपना घर बनाकर इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति उद्योग और व्यापार के माध्यम से ही संभव होती है। व्यापारियों और उद्योगपतियों के योगदान से ही सरकार को कर राजस्व प्राप्त होता है, जिससे सड़क, फ्लाईओवर, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाता है। उन्होंने बताया कि राज्य का विकास स्थानीय कर व्यवस्था और केंद्र सरकार के सहयोग पर आधारित होता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में उद्यमशीलता को बढ़ावा मिला है और व्यापार करने की प्रक्रिया पहले से अधिक सरल हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए काम कर रही है और पूर्वोत्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में भी कनेक्टिविटी और विकास कार्यों को गति मिली है।
कोविड-19 महामारी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस कठिन समय में भारत ने न केवल अपने नागरिकों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई, बल्कि कई अन्य देशों की भी सहायता की, जो देश की वैश्विक नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में अलग राजनीतिक परिस्थिति होने के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा राज्य को पर्याप्त सहयोग और संसाधन दिए जा रहे हैं। देश में एक्सप्रेसवे, रेलवे, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है और पिछले कुछ वर्षों में विकास कार्यों को नई गति मिली है, जिससे भारत लगातार आगे बढ़ रहा है।





