Uttar Pradesh : तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, दो महिलाओं की मौत

Hapur News : हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर जुटे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार यह हादसा मुर्शिदपुर गांव के पास उस समय हुआ जब हापुड़ से बुलंदशहर की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां बस व ऑटो का इंतजार कर रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान बृजनाथपुर निवासी सितारा (52) पत्नी मुसाब अली और सरोज शर्मा (करीब 60) पत्नी सुभाष के रूप में हुई है। वहीं हादसे में शारदा (52) पत्नी लेखराम, रूबी (25) पत्नी पवन और छह वर्षीय बालक लविश पुत्र पवन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही हाफिजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया गया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है जबकि तीन घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





