New Delhi : मुंबई-ठाणे कॉरिडोर में 349 किलो कोकीन जब्त, अंतरराष्ट्रीय तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़

New Delhi Desk : संगठित नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक के तहत एक अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मुंबई और आसपास के लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर से करीब 349 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन जब्त की गई, जिसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 1,745 करोड़ रुपये आंकी गई है।

यह हाई इम्पैक्ट ऑपरेशन छह महीने से अधिक समय तक चली खुफिया निगरानी और सूचनाओं के विश्लेषण का परिणाम है। पुख्ता जानकारी के आधार पर एजेंसी की कई टीमों ने नवी मुंबई और ठाणे क्षेत्र के कलंबोली-भिवंडी कॉरिडोर में समन्वित छापेमारी कर एक संगठित ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया, जो गोदामों और छिपे हुए परिवहन तंत्र का इस्तेमाल कर रहा था।

कार्रवाई के दौरान कलंबोली स्थित केडब्ल्यूसी वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पास एक वाहन को रोका गया, जिसकी तलाशी में 136 पैकेट कोकीन बरामद हुई। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम था और इन्हें क्रिकेट पैड व ग्लव्स के अंदर छिपाकर कार्टनों में रखा गया था। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के आधार पर मिली जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने भिवंडी के रेहनल इलाके में एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से 213 अतिरिक्त पैकेट कोकीन बरामद किए गए। इस तरह कुल जब्ती 349 किलोग्राम तक पहुंच गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोकीन को आयातित मशीन के खोखले हिस्सों में छिपाकर भारत लाया गया था। पैकेट्स को कई परतों वाली पॉलीथीन में पैक किया गया था, जिसमें एक परत काले चिकनाईदार पदार्थ की भी थी। भिवंडी के वेयरहाउसिंग नेटवर्क का उपयोग इस तस्करी के सुनियोजित लॉजिस्टिक्स सिस्टम की ओर इशारा करता है।

इस मामले में नेटवर्क के सरगना, संचालकों और वित्तीय सहयोगियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है। यह जब्ती इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि देश में सामान्यतः एक वर्ष में 200 से 300 किलोग्राम कोकीन ही पकड़ी जाती है।

Hot this week

Noida : मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा एयरपोर्ट की तत्परता, 30 मिनट में जलभराव दूर

Noida : उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय...

Topics

Noida : मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा एयरपोर्ट की तत्परता, 30 मिनट में जलभराव दूर

Noida : उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img