New Ashok Nagar Fire: न्यू अशोक नगर थाने के मालखाने में भीषण आग, दर्जनों गाड़ियां जलकर खाक
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना परिसर स्थित मालखाने में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मालखाने में खड़ी दर्जनों जब्त गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं। आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल विभाग के अधिकारी राजेश शुक्ला के अनुसार दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर आग लगने की कॉल प्राप्त हुई थी। आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 9 फायर टेंडर भेजे गए।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग को आसपास के हिस्सों तक फैलने से रोकने के लिए पुलिस ने थाना परिसर के कई हिस्सों को खाली कराया और सुरक्षा घेरा बना दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि थाना परिसर स्थित मालखाने में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कितनी गाड़ियां पूरी तरह जलकर नष्ट हुई हैं, इसका आकलन अभी किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग मालखाने में खड़ी जब्त गाड़ियों के बीच लगी, जिसके बाद एक के बाद एक कई वाहन आग की चपेट में आते चले गए। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी इसकी वजह हो सकती है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहे हैं।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जानहानि की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जांच पूरी होने तक घटना स्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें।



