नई दिल्ली: नवजात शिशु देखभाल पर पुस्तक ‘केयर ऑफ न्यूबॉर्न बेबी- ए हैंडी गाइड’ का विमोचन

नई दिल्ली, 8 अगस्त : नवजात शिशुओं की देखभाल की भरोसेमंद जानकारी देने वाली पुस्तक ‘केयर ऑफ न्यूबॉर्न बेबी – ए हैंडी गाइड’ का विमोचन नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद पॉल ने वीरवार को राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया।

नवजात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद पॉल ने कहा, यह पुस्तक सेना अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल), दिल्ली के दो वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित नवजात शिशु रोग विशेषज्ञों – डॉ. शंकर नारायण और डॉ. सुभाष चंद्र शॉ द्वारा लिखी गई है। इसे राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत ने शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में प्रकाशित किया है। पुस्तक को लेखकों ने सभी माताओं और नवजात शिशुओं के देखभाल करने वालों को समर्पित किया है। इसका उद्देश्य नवजात शिशु की देखभाल से संबंधित बुनियादी जानकारी सरल और सटीक रूप में उपलब्ध कराना है।

आज के समय में जब सामाजिक ढांचा मुख्यतः परमाणु परिवारों या न्यूक्लियर फैमिली पर आधारित है, अधिकांश माता-पिता को अपने शिशु की देखभाल में घर के बुजुर्गों की प्रत्यक्ष सहायता नहीं मिल पाती। इसके साथ ही, दंपत्ति दोनों के नौकरीपेशा होने की स्थिति में शिशु की सही देखभाल को लेकर चिंता और बढ़ जाती है। इंटरनेट और अन्य माध्यमों पर उपलब्ध मिश्रित एवं कभी-कभी भ्रामक जानकारियां भी इस उलझन को बढ़ाती हैं।

इसी पृष्ठभूमि में यह पुस्तक सही और भरोसेमंद जानकारी की कमी को पूरा करने का एक प्रयास है। लेखकों ने इसमें वे प्रश्न शामिल किए हैं, जो माता-पिता प्रायः ओपीडी और प्रसवोत्तर वार्डों में पूछते हैं, और उनके सरल, स्पष्ट एवं चिकित्सकीय दृष्टि से सही उत्तर दिए हैं। पुस्तक को चिकित्सा शब्दावली के बिना, सहज भाषा में लिखा गया है, जिससे आम पाठक भी इसे आसानी से समझ सके

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img