Mathura : मथुरा में यूपी राइज 2026, युवाओं को जॉब क्रिएटर बनाने की सार्थक पहल

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘आत्मनिर्भर यूपी’ विजन को धरातल पर उतारने के लिए शुक्रवार को नेशनल हाइवे स्थित जीएलए विश्वविद्यालय में ‘यूपी राइज 2026’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस वृहद आयोजन में 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भारी उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं की मानसिकता में बदलाव लाकर उन्हें केवल नौकरी तलाशने वाला न बनाकर, स्वयं का उद्यम स्थापित कर दूसरों को रोजगार देने वाला ‘जॉब क्रिएटर’ बनाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, चीफ फाइनेंस ऑफिसर डॉ. विवेक अग्रवाल, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह और मुख्य अतिथि सीए पलक राठी व शांतनु गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सरकारी योजनाओं और स्टार्टअप इकोसिस्टम पर मंथन
राज्य सरकार प्रदेश में नवाचार (इनोवेशन) और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए निरंतर धरातलीय कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, यूपी स्टार्टअप फंड, मुख्यमंत्री अभ्युदय निशुल्क कोचिंग योजना और यूपी स्किल मिशन जैसी महत्वाकांक्षी नीतियों की विस्तृत जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, कन्या सुमंगला योजना, फ्री टैबलेट/स्मार्टफोन योजना और महिला सामर्थ्य योजना के माध्यम से मिलने वाली वित्तीय सहायता व सब्सिडी पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि युवा आर्थिक बाधाओं को पार कर अपने बिजनेस मॉडल को सफल बना सकें।

युवाओं के 8 बेहतरीन इनोवेशन ने किया प्रभावित
यूपी राइज की थीम के अनुरूप आयोजन में कुल 25 स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 8 बेहतरीन आइडिया शॉर्टलिस्ट हुए। इनमें लॉजिस्टिक्स के लिए ‘बुक माई सारथी’, छात्रों के लिए कैंपस-फर्स्ट मार्केटप्लेस ‘कैम्पोरा’, एआई आधारित ट्रैवल सुपर-प्लेटफॉर्म ‘नमस्ते एआई’ और स्वदेशी ड्रोन एवियोनिक्स बनाने वाली ‘क्वांटावर्स टेक्नोलॉजीज’ ने खूब तालियां बटोरीं। वहीं, खदानों और सुरंगों जैसे खतरनाक माहौल में इंसानी जान बचाने के लिए ‘दक्ष डायनामिक्स’ द्वारा बनाया गया स्वदेशी ‘रोबोडॉग’ भी आकर्षण का केंद्र रहा, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।

‘लिटिललिंगोस’ ने जीता प्रथम पुरस्कार, ‘फिटेड’ व ‘धृतम’ बने उपविजेता
प्रतियोगिता में हर टीम को अपना आइडिया प्रस्तुत करने के लिए 7 मिनट का समय दिया गया। जूरी के समक्ष अपनी शानदार प्रस्तुति देकर बच्चों के लिए एआई-पावर्ड इंग्लिश लर्निंग प्लेटफॉर्म ‘लिटिललिंगोस’ (LittleLingos) ने प्रथम स्थान हासिल कर 25,000 रुपये का मुख्य पुरस्कार जीता। वहीं, एआई पर्सनल स्टाइलिंग ऐप बनाने वाली टीम ‘फिटेड'(Fitted) और तनाव व हार्ट रेट मापने वाला स्मार्ट अंडरगारमेंट (कवच एक्स) बनाने वाली टीम ‘धृतम’ (Dhritam) संयुक्त रूप से उपविजेता रहीं। इस दौरान कॉर्पोरेट विशेषज्ञ हर्षित देसाई, डॉ. मधुरिता गुप्ता और राधिका बजोरिया ने बतौर मेंटर छात्रों का मार्गदर्शन किया।

विचारों तक सीमित न रहें, उन्हें धरातल पर उतारें: कुलाधिपति
इस अवसर पर जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध करा रही है। आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि अपने विचार और प्रतिभा के बल पर रोजगार देने वाला उद्यमी भी बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि यदि उनके पास कोई नया इनोवेटिव आइडिया है, तो उसे केवल सोच विचार तक सीमित न रखें। जानकारी जुटाएं, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लें और उसे व्यावहारिक रूप देने का प्रयास करें।

25 शहरों और 30 प्रमुख कॉलेजों तक पहुंचेगा ‘यूपी राइज’ का कारवां
छात्रों को स्वरोजगार और नवाचार की संभावनाओं से रूबरू कराने वाला यह ‘यूपी राइज’ कार्यक्रम प्रदेश के 25 शहरों के 30 प्रमुख कॉलेजों में आयोजित किया जाएगा। जीएलए विश्वविद्यालय में इस सफल आयोजन के बाद, स्टार्टअप और उद्यमिता की अलख जगाने वाले इस अभियान का अगला पड़ाव 21 सितम्बर 2026 को बरेली स्थित इनवर्टिस विश्वविद्यालय में होगा।

Hot this week

Greater Noida : नौकरी तलाशने से आगे बढ़कर समाधान प्रस्तुत कर रहे युवा, यूपी राइज में दिखी नई सोच

Greater Noida : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आत्मनिर्भर उत्तर...

Lucknow : डिजिटल केसीसी में यूपी ने रचा इतिहास, बना देश में नंबर वन

Lucknow : खेती-किसानी में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के...

Topics

Lucknow : डिजिटल केसीसी में यूपी ने रचा इतिहास, बना देश में नंबर वन

Lucknow : खेती-किसानी में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के...

Greater Noida : यीडा क्षेत्र में निवेश को नई रफ्तार, 25 कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट

Greater Noida : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img