भारत

Noida fire: नोएडा के मेगा मार्ट में लगी भीषण आग, तीन घंटे बाद काबू पाया गया

Noida fire: नोएडा के मेगा मार्ट में लगी भीषण आग, तीन घंटे बाद काबू पाया गया

नोएडा, सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार सुबह साढ़े चार बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्राउंड फ्लोर से लेकर दूसरी मंजिल तक पूरी बिल्डिंग इसकी चपेट में आ गई। इलाके में देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई।

सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए करीब 15 दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे में आग को नियंत्रित किया। आग की लपटें और धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता था।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग की वजह से बिल्डिंग में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

हालांकि, गनीमत रही कि मार्ट खुला नहीं था। न तो स्टाफ और न ही ग्राहक वहां मौजूद थे, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस और फायर विभाग की टीमें घटना की जांच में जुट गई हैं। प्रशासन अब बिल्डिंग की सुरक्षा और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आएगी।

Related Articles

Back to top button