Dowry Harassment Noida: दहेज में 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, पति समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
नोएडा, 16 जुलाई। जेवर कोतवाली क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है, जहां विवाहिता ने अपने पति, सास और जेठ पर दहेज के लिए मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कुरैब गांव निवासी राजबाला की शादी करीब 12 वर्ष पहले फरीदाबाद निवासी ओमप्रकाश से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष उसके भाई को जेवर एयरपोर्ट के लिए मिले भूमि अधिग्रहण मुआवजे में से 10 लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था।
महिला का कहना है कि जब उसने यह रकम देने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और उसे घर से निकाल दिया गया। वर्तमान में पीड़िता अपने मायके में रह रही है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति, सास और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


