LED Street Lights: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में लगेंगी ढाई हजार से ज्यादा एलईडी स्ट्रीट लाइट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अमीनाबाद, पतवाड़ी और बिसरख समेत 17 गांवों की अंधेरी गलियां जल्द एलईडी स्ट्रीट लाइट से रोशन होंगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया है। दीपावली को देखते हुए काम में तेजी लाई गई है। इन गांवों में ढाई हजार से अधिक नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलकलच्छी, खेड़ी, भनौता और सुनपुरा में नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। आबादी के विस्तार के कारण इन गांवों की कई गलियों और रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। रात के समय अंधेरे के कारण हादसों की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय लोग लंबे समय से इन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग कर रहे थे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी के निर्देश पर अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित करने के बाद वहां स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू किया गया है। परियोजना पर करीब 3.34 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक बिसरख, अमीनाबाद और पतवाड़ी में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि सभी 17 गांवों में अगले पांच से छह महीने में काम पूरा करने की योजना है।
अधिकारियों ने बताया कि इन गांवों में पहले भी स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कराया गया था, लेकिन कुछ हिस्सों में काम शेष रह गया था। आबादी बढ़ने के साथ नई गलियों और रास्तों पर भी रोशनी की जरूरत महसूस की गई। इसी को देखते हुए अब अंधेरे वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां नई एलईडी लाइट लगाई जा रही हैं।
दरअसल, बिजली की बचत और बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2021 में एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना शुरू करने का फैसला लिया था। इसके तहत शहर के सेक्टरों और अधिसूचित क्षेत्र के गांवों में लगी पुरानी सोडियम लाइटों को हटाकर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनाई गई थी। प्राधिकरण के अनुसार इस परियोजना के तहत अब तक एक लाख से अधिक स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं।
विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि गांवों में अंधेरे वाले स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था होने से स्थानीय लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में अंधेरे वाले स्थानों पर एलईडी लाइट लगाने का काम शुरू हो गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।


