India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड डील का भाकियू महासभा ने किया विरोध, पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड डील का भाकियू महासभा ने किया विरोध, पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील का भारतीय किसान यूनियन महासभा ने कड़ा विरोध किया है। संगठन ने रबूपुरा में बैठक आयोजित करने के बाद प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर इस प्रस्तावित समझौते को तत्काल रद्द करने की मांग की। महासभा का आरोप है कि यह व्यापार समझौता किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और देश की कृषि व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।

भारतीय किसान यूनियन महासभा ने ज्ञापन में कहा कि यदि प्रस्तावित ट्रेड डील लागू होती है तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), सरकारी खरीद व्यवस्था, डेयरी उद्योग, गन्ना, गेहूं, धान, दलहन, फल और सब्जी उत्पादन सहित कृषि क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण हिस्सों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। संगठन ने आशंका जताई कि इससे देश की खाद्य सुरक्षा और कृषि आत्मनिर्भरता भी प्रभावित हो सकती है।

महासभा ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट पर संयुक्त किसान महापंचायत आयोजित की जानी थी, जिसमें संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होने वाले थे। हालांकि महापंचायत से एक दिन पहले संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर गीता भाटी को रबूपुरा पुलिस ने उनके कार्यालय और आवास पर नजरबंद कर दिया, जिसके चलते कार्यकर्ता दिल्ली नहीं पहुंच सके।

रबूपुरा थाना प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने मांग की कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते से पहले किसान संगठनों से व्यापक चर्चा की जाए और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

भारतीय किसान यूनियन महासभा ने कहा कि किसानों के अधिकारों और देश की कृषि व्यवस्था की रक्षा के लिए उनका लोकतांत्रिक आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img