Greater Noida: ग्रेटर नोएडा NH91 पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल
रिपोर्ट: अमर सैनी
ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। एनएच-91 पर दादरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार हाईवे पर पलट गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें फंसे तीनों यात्रियों को निकालना बेहद मुश्किल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से कार के पार्ट्स काट-काट कर घायलों को बाहर निकाला। रेस्क्यू में करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
निकाले गए घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के चलते एनएच-91 पर लंबा जाम लग गया, जिससे हाईवे पर यातायात कई घंटे तक बाधित रहा।
दादरी थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे की वजह ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

