भारत

RML Hospital: स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों के लिए शुरू होंगे वेलनेस कार्यक्रम, तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस

RML Hospital: स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों के लिए शुरू होंगे वेलनेस कार्यक्रम, तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस

नई दिल्ली। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी स्वयं भी शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहें, इसी उद्देश्य से डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ने ‘हीलिंग द हीलर’ पहल के तहत व्यापक वेलनेस कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल का मकसद स्वास्थ्य कर्मियों के तनाव को कम करना, उनकी कार्यक्षमता बढ़ाना और बेहतर कार्य-जीवन संतुलन सुनिश्चित करना है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम के तहत तनाव प्रबंधन, नियमित योग, जुम्बा, हेल्दी डाइट, ऑनलाइन वेलनेस सेशन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक स्वस्थ बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अस्पताल की चिकित्सा निदेशक डॉ. अखिलंदेश्वरी प्रसाद ने कहा कि वेलनेस को संस्थान की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य कर्मियों को सकारात्मक कार्य वातावरण मिल सके और वे तनावमुक्त होकर मरीजों की बेहतर देखभाल कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ स्वास्थ्यकर्मी ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे मजबूत आधारशिला हैं।

कार्यक्रम में एमएस डॉ. विवेक दीवान, प्राचार्य डॉ. हिमांशु एस. महापात्र, एएमएस डॉ. मनोज झा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कौशल त्यागी तथा फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. श्वेता शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

विशेषज्ञों ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से अस्पताल कर्मचारियों के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए इस पहल को आगे बढ़ाया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button