Greater Noida West: यूपी हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में नंबर-1 बना सीएचसी बिसरख, स्वास्थ्य टीम का सम्मान

Greater Noida West: यूपी हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में नंबर-1 बना सीएचसी बिसरख, स्वास्थ्य टीम का सम्मान
नोएडा। उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसरख के प्रथम स्थान पर आने पर गौतम बुद्ध नगर विकास समिति (GBNVS) ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य टीम को सम्मानित किया। समिति ने उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए टीम को प्रशस्ति-पत्र भेंट कर बधाई दी।
सम्मान समारोह में सीएचसी बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन्द्र कुमार मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह और लैब टेक्नीशियन अरविंद चौधरी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय, सचिव अनूप कुमार सोनी, अरुण चौधरी और गुंजन कपूर भी मौजूद रहे।
समिति ने बताया कि सीएचसी बिसरख की टीम ने पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आवासीय सोसाइटियों सहित पूरे गौतमबुद्ध नगर जिले में हजारों बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने का कार्य किया। इसे मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सीएचसी बिसरख में अब विशेषज्ञ सर्जन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनाकोलॉजिस्ट) तथा आधुनिक फिजियोथेरेपी की निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध हैं। ये सेवाएं सोमवार से शनिवार तक सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक दी जा रही हैं।





