Disaster Relief: चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू, वर्ष के अंत तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का लक्ष्य

Disaster Relief: चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू, वर्ष के अंत तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का लक्ष्य
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को चंबा जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर भारी बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री सबसे पहले शीतला पुल और सुल्तानपुर के राणा मोहल्ला क्षेत्र पहुंचे, जहां मानसून के दौरान भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक सुविधाओं की शीघ्र बहाली, क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी चंबा जिले को मानसून के कारण भारी नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस हेलीपोर्ट के पूरा होने से चंबा जिले के विकास और पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष के अंत तक अथवा अगले वर्ष की शुरुआत में चंबा में हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे हवाई संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्र के पर्यटन व विकास को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, चंबा के विधायक नीरज नैयर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





