Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब छह बजे बछलौता फ्लाईओवर के पास नए हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। भूसे से लदी गाड़ी से बचने की कोशिश में बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर गया और पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर में महिला और उसके चार माह के मासूम बेटे की मौके पर ही जान चली गई, जबकि पति और पांच साल की बेटी घायल हो गई।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय शबाना और चार माह के अली हमजा के रूप में हुई है। घायलों में 40 वर्षीय अकरम और पांच वर्षीय जुबिया नूर शामिल हैं। परिवार मूल रूप से ठाकुरद्वारा के तुमरिया कला गांव का रहने वाला है और मुरादाबाद से दिल्ली के जैतपुर नौकरी पर जा रहा था।
हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।


