Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के लुखराड़ा गांव के जंगल में शनिवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक ही रात में करीब 12 किसानों की ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए मोटर, स्टार्टर, केबल, बिजली के तार और पंखे समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने जंगल में बने मंदिर का घंटा भी चोरी कर लिया है।
घटना का पता रविवार सुबह करीब नौ बजे चला जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे। ट्यूबवेलों से सामान गायब देख उनके होश उड़ गए। किसानों ने तुरंत अन्य साथियों को सूचना दी जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पीड़ित किसानों में राजू, विजयपाल, अनिल कुमार, दीपक चौधरी और सुधीर समेत कई किसान शामिल हैं। किसानों का कहना है कि इस चोरी से उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है और दोबारा उपकरण लगवाने में भारी खर्च आएगा।
किसानों ने बताया कि उपकरण चोरी होने से फसलों की सिंचाई पूरी तरह प्रभावित होगी। एक साथ इतनी ट्यूबवेलों में चोरी होने से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी है। सभी पीड़ित किसानों ने एकजुट होकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ा जाएगा और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।


