Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र की आनंद विहार कॉलोनी में रविवार सुबह करीब आठ बजे प्रधानमंत्री आवास योजना के एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फ्लैट में मौजूद परिवार में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना पर दमकल विभाग की टीम दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से बड़ा हादसा होने से बच गया, नहीं तो आग आसपास के अन्य फ्लैटों तक भी फैल सकती थी।
जानकारी के अनुसार विकास भवन के पास आनंद विहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने फ्लैट में विकास बंसल अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि आग बुझाने के दौरान उनके बेटे चुन्नू बंसल झुलस गए, जबकि उनकी पौत्री वंशिका धुएं की चपेट में आने से बेहोश हो गई। बच्ची को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग इतनी तेज थी कि फ्लैट में रखा फ्रिज, बेड, कपड़े, बर्तन समेत सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। परिवार को इस हादसे में काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
फायर ऑफिसर अरशद ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


