Hapur News : हापुड़ में नेशनल हाईवे नौ पर ब्रजघाट टोल के पास देर रात एक अधिवक्ता के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर शनिवार को गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में जमकर हंगामा हुआ। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
अधिवक्ता अर्जुन शर्मा ने बताया कि वह देर रात अपनी मोटरसाइकिल से ब्रजघाट से गढ़ लौट रहे थे। ब्रजघाट टोल के पास पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। अर्जुन शर्मा का आरोप है कि अपना परिचय अधिवक्ता के रूप में देने के बावजूद उप निरीक्षक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई।
घर पहुंचने के बाद अर्जुन शर्मा ने पूरी घटना की जानकारी बार अध्यक्ष और अपने साथी अधिवक्ताओं को दी। सूचना मिलते ही दर्जनों अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए। अधिवक्ताओं ने थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट से मुलाकात की और संबंधित उप निरीक्षक को सामने बुलाने की मांग की।
कोतवाली परिसर में हुई वार्ता के दौरान उप निरीक्षक के जवाब पर अधिवक्ताओं ने आपत्ति जता दी। इसके बाद परिसर में हंगामा शुरू हो गया। काफी देर तक चली बहस के बाद अधिवक्ता कोतवाली से बाहर आ गए और बाहर नारेबाजी कर विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो बार स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस पूरे मामले पर सीओ राहुल यादव ने बताया कि अधिवक्ता के साथ अभद्रता के आरोप की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





