Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब वहां स्थित फर्नीचर की दो दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते आसमान धुएं के गुबार से भर गया। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई और आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों को सुरक्षित करने में जुट गए।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह दिल्ली रोड स्थित दुकानों से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस, दुकान मालिकों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अशद खान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक तीन दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। दुकान के भीतर से निकल रहे घने और जहरीले धुएं के कारण दमकलकर्मियों को राहत कार्य में काफी परेशानी हुई, लेकिन टीम ने सूझबूझ के साथ आग को चारों ओर से घेरकर पानी की बौछारें शुरू कीं।
दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की अन्य व्यावसायिक दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया, जिसके बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि आग पर काबू पाने तक दुकानों में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। इसमें महंगी सीएनसी डिजाइनर मशीनें, तैयार फर्नीचर और कच्चा माल पूरी तरह नष्ट हो गया। दुकान मालिकों के अनुसार इस अग्निकांड में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट सहित अन्य बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।





