Hapur News : हापुड़ के जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सरकारी योजनाओं के तहत करीब 893 पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को डमी चेक, ट्राईसाइकिल, दोना पत्तल बनाने की मशीनें और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह शिविर शाम पांच बजे तक चला।
शिविर का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार प्रथम ने फीता काटकर और दीप जलाकर किया। कार्यक्रम में न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला जज अजय कुमार प्रथम ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। जिन लोगों को शिविर में लाभ नहीं मिल सका है, वे आने वाले दिनों में संबंधित विभागों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से योजनाओं की जानकारी रखने और पात्रता के अनुसार आवेदन करने की अपील की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए समय समय पर प्री कैंप लगाए जाते हैं। पराविधिक स्वयंसेवक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी प्रथम एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट शैली शरण ने किया, जबकि अंत में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. ब्रह्मपाल सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया।





