Hapur News : हापुड़ ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी सुशील खारी को एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। टीम ने मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ब्लॉक परिसर में ही उसे रंगे हाथ पकड़ा, जिसके बाद आरोपी को कोतवाली ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
आरोप है कि सुशील खारी ने परिवार रजिस्टर की नकल देने के बदले 20 हजार रुपये की मांग की थी। सालेपुर कोटला निवासी शिकायतकर्ता सलमान ने 30 अक्टूबर को एंटी करप्शन टीम से इसकी शिकायत की थी कि उससे 5 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। शिकायत के बाद टीम ने जांच कर जाल बिछाया और मंगलवार को जैसे ही सुशील खारी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये लिए, उसे मौके पर ही दबोच लिया।
एंटी करप्शन यूनिट के प्रभारी राहुल देव तोमर ने बताया कि आरोपी को कोतवाली लाया गया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





