Hapur News : हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शेखरपुर कुचेसर चौपला स्थित जय नागर की क्रीम बनाने वाली इकाई पर छापा मारा। टीम ने मौके पर करीब पांच क्विंटल क्रीम को नष्ट करा दिया, जिसकी कीमत करीब 1.10 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही इकाई के संचालन को बंद करा दिया गया।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशन में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम रात करीब 11 बजे इकाई पर पहुंची और क्रीम के तीन नमूने जांच के लिए लिए। सहायक आयुक्त के अनुसार इकाई में वनस्पति, रिफाइंड ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और दही से क्रीम तैयार की जा रही थी। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले टीम ने छतनौरा गांव में भी जांच अभियान चलाया, जहां पहलवान डेयरी से दूध का एक नमूना और अमित डेयरी से दूध, क्रीम और पनीर के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित, सहरिश सादात, विपिन सहित विभाग की टीम मौजूद रही। सहायक आयुक्त ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





