Hapur News : हापुड़ में बुलंदशहर रोड पर काटी जा रही अवैध प्लाटिंग पर हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने मंगलवार शाम सख्त कार्रवाई की। गोल चक्कर के पास करीब 27,500 वर्ग मीटर जमीन पर बिना किसी मंजूरी के प्लॉट काटे जा रहे थे, जिसे प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार यह जमीन किसान दर्पण त्यागी की है, जिस पर मनोज त्यागी और गिरीश शर्मा द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। इसमें गोल चक्कर के पास 25 हजार वर्ग मीटर और उसके बाईं ओर 2,500 वर्ग मीटर जमीन शामिल थी। टीम ने कार्रवाई के दौरान वहां बनाई गई दीवारों और बीम को गिरवा दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
एचपीडीए के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बिना स्वीकृत नक्शे के प्लाटिंग करना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी वैधता की जानकारी जरूर ले लें। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





