Hapur News : हापुड़ के दिल्ली रोड पर गुरुवार की सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई जब डोमिनोज रेस्टोरेंट के नजदीक सबमर्सिबल के लिए बोरिंग का काम किया जा रहा था। बोरिंग के दौरान जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस की पाइपलाइन अचानक टूट गई जिसके बाद गैस तेजी से बाहर निकलने लगी। गैस की तेज बदबू पूरे इलाके में फैल गई और दुकानदारों व राहगीरों में डर का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी व्यापारी नेता अमन गुप्ता ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां, पुलिस और गैस कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर काम शुरू किया। टीम ने इलाके को सुरक्षित किया और गैस रिसाव को रोकने के प्रयास तेज कर दिए। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार बोरिंग मशीन से काम चल रहा था तभी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और भीड़ इकट्ठा हो गई। सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीमों ने तत्काल कार्रवाई की और लीकेज पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी की जा रही है।


