Hapur News : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार शाम कुचेसर रोड चौपला स्थित बनखंडा में मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने एक मकान से 955 किलोग्राम मिलावटी क्रीम बरामद की जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। बरामद क्रीम की कीमत करीब एक लाख 43 हजार रुपये आंकी गई है।
जांच में सामने आया कि क्रीम को रिफाइंड, सप्रेटा दही और थोड़ी मात्रा में असली क्रीम मिलाकर तैयार किया जा रहा था। इसका उपयोग देशी घी और बटर बनाने में किया जाता था।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में सचल दल ने शाम करीब छह बजे की। टीम ने क्रीम के दो और वनस्पति का एक नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान पता चला कि यह कारोबार बिना खाद्य लाइसेंस के चलाया जा रहा था। इस पर टीम ने प्रतिष्ठान को बंद करा दिया। बिना लाइसेंस कारोबार करने पर प्रतिष्ठान स्वामी तुषार शर्मा निवासी बनखंडा के खिलाफ वाद दायर करने की तैयारी की जा रही है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गंगवार, सोवेन्द्र सिंह पंघाल, सहरिश सादात, मोहित कुमार, आरपी गुप्ता और विपिन कुमार सिंह शामिल रहे।


