Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : सावन के आखिरी सोमवार को जनपद में भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक किया और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। नगर में भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात धूमधाम और कड़ी सुरक्षा के बीच निकाली गई।
नगर क्षेत्र के प्रसिद्ध राजराजेश्वर मंदिर से भगवान भोलेनाथ की बारात बैंड बाजों के साथ शुरू हुई। भोलेनाथ नंदी पर सवार होकर निकले जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुरक्षा के मद्देनजर बारात के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
ढोल नगाड़ों और भोले के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। भक्त जमकर थिरके और नाचे जिससे पूरा नगर हर हर महादेव और बम बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। बारात नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुजरी जहां जगह जगह लोगों ने फूल बरसाकर भगवान भोलेनाथ का स्वागत किया।


