Land Dispute: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-22डी में जमीन कब्जाने के आरोप पर धरने पर बैठे सैकड़ों किसान

Land Dispute: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-22डी में जमीन कब्जाने के आरोप पर धरने पर बैठे सैकड़ों किसान

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में यमुना विकास प्राधिकरण के सेक्टर-22डी में जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ गया है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों किसान धरने पर बैठ गए। किसानों ने एक बिल्डर और कुछ खनन माफिया पर उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाया है। किसानों ने इस मामले में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

चपरगढ़ गांव के निवासी किसान जगदीश, सतवीर, तेजवीर, बिंदर, राजू, देवेंद्र, कपिल, अरुण, हैप्पी, अंकित, अमित और सुमित का कहना है कि उनकी जमीन का अभी तक यमुना विकास प्राधिकरण की ओर से अधिग्रहण नहीं किया गया है। इसके बावजूद एक बिल्डर पिछले करीब 10 वर्षों से उनकी जमीन पर जबरन कब्जा किए हुए है। किसानों का आरोप है कि मंगलवार को बिल्डर ने विवादित जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया। इसकी जानकारी मिलने पर किसान मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ खनन माफिया उनकी जमीन से बालू और रेत का अवैध खनन कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। किसानों के मुताबिक, लगातार शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जमीन से जुड़े विवाद का समाधान नहीं होता और कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img