Road Accident: नोएडा के मामूरा कट पर अज्ञात वाहन की टक्कर से फैक्ट्रीकर्मी की मौत
नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक फैक्ट्रीकर्मी की जान चली गई। सेक्टर-59 स्थित मामूरा कट पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कानपुर के नवाबगंज स्थित फैलू कुम्हार का हाता निवासी योगेंद्र कुमार के रूप में हुई है। योगेंद्र नोएडा के मामूरा क्षेत्र में किराये के कमरे में रहते थे और सेक्टर-62 स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे। मंगलवार तड़के फैक्ट्री में काम करने के बाद वह अपने कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-59 के मामूरा कट पर सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से योगेंद्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जिला अस्पताल ले गई। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर अपने गांव चले गए हैं। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और हादसे में शामिल वाहन तथा उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


