Greater Noida News: सोसायटी में बढ़ेगी पुलिस पेट्रोलिंग, विदेशी नागरिकों का होगा सत्यापन, बिना वेरिफिकेशन किरायेदार रखने वालों पर कार्रवाई

Greater Noida News: सोसायटी में बढ़ेगी पुलिस पेट्रोलिंग, विदेशी नागरिकों का होगा सत्यापन, बिना वेरिफिकेशन किरायेदार रखने वालों पर कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-22डी स्थित आवासीय सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रविवार को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, विदेशी नागरिकों का सत्यापन कराने और बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई बैठक में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि सोसायटी और आसपास के इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।
बैठक के दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सोसायटी के निवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस से नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, बीट पुलिसिंग को सक्रिय करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फार्मूला वन चौकी प्रभारी को सोसायटी और आसपास के क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा सोसायटी में रहने वाले विदेशी नागरिकों का विशेष सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया कि बीट व्यवस्था को अधिक सक्रिय बनाया जाएगा और समय-समय पर सुरक्षा समीक्षा की जाएगी। वहीं आरडब्ल्यूए ने सभी निवासियों से अपील की कि वे अपने किरायेदारों का समय पर पुलिस सत्यापन कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष शशांक श्रीवास्तव, केशव, फणीश्वर भास्कर, समर्पित आर्य सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।





