राज्यउत्तर प्रदेश

Greater Noida Crime: दो चोर गिरोहों का भंडाफोड़, 2 नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार, 20 लाख के जेवर और हथियार बरामद

Greater Noida Crime: दो चोर गिरोहों का भंडाफोड़, 2 नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार, 20 लाख के जेवर और हथियार बरामद

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले दो सक्रिय गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बीटा-2 थाना पुलिस ने दो बाल अपचारियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टेकराम, पवन कुमार और अनिल भाटी के रूप में हुई है। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले ऐसे मकानों की पहचान करते थे, जिनमें लंबे समय से कोई नहीं रह रहा होता था। इसके बाद मौका देखकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी अपने साथ अवैध हथियार भी रखते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने दादरी और बीटा-2 थाना क्षेत्र के कई बंद मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब अन्य मामलों में भी उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है और चोरी के और मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें सोने के हार, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, झुमके, नथ, चांदी की पायल, पाजेब और सिक्के शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button