Greater Noida Mahapanchayat: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर आज महापंचायत, किसानों ने गांव-गांव चलाया जनसंपर्क अभियान
नोएडा, 16 जुलाई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर शुक्रवार को प्रस्तावित महापंचायत को सफल बनाने के लिए किसान संघर्ष मोर्चा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को गांव डेरीन खूबन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों और ग्रामीणों से बड़ी संख्या में महापंचायत में शामिल होने की अपील की गई।
बैठक की अध्यक्षता हारून अली ने की, जबकि संचालन किसान संघर्ष मोर्चा के चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इमरान खान ने किया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसानों, युवाओं और क्षेत्रीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेना होगा।
बैठक में भूमि अधिग्रहण, उचित मुआवजा, रोजगार और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और अब उन्हें संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
ग्रामीणों और किसान प्रतिनिधियों से शुक्रवार सुबह 10 बजे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचकर महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। उपस्थित लोगों ने महापंचायत को सफल बनाने और किसान संघर्ष मोर्चा के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का संकल्प लिया।
बैठक में चौधरी सोरन प्रधान, डॉ. रूपेश वर्मा, उमेद एडवोकेट, सल्लन पहलवान, हेमराज बीडीसी, जेपी नागर, गुलहसन, श्यामपाल गुर्जर, दुर्गेश शर्मा, हर्ष नागर, फैजान, अकरम खान, अनीश सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।
