Greater Noida Dry Day: होली पर 4 मार्च को शराब बिक्री रहेगी बंद
होली के त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रेटर नोएडा में 4 मार्च को ड्राई-डे घोषित किया गया है। इस दिन जिले में सभी प्रकार की शराब की दुकानें और आबकारी अनुज्ञापन पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने जानकारी दी कि होली के दिन समस्त देशी मदिरा की दुकानें, कंपोजिट शॉप, भांग की फुटकर बिक्री की दुकानें, प्रीमियम रिटेल और मॉडल शॉप बंद रहेंगी। इसके अलावा बार-एफएल-6, एफएल-7/7(1)/एफएल-9 श्रेणी के लाइसेंसधारी प्रतिष्ठान भी पूरे दिन संचालित नहीं होंगे।
साथ ही सैन्य और अर्द्धसैनिक कैंटीनों में भी मदिरा की बिक्री पर रोक रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए यह फैसला लिया गया है, ताकि लोग शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली का उत्सव मना सकें।


