Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा में लिव इन रिलेशनशिप का खूनी अंत, प्रेमिका ने विदेशी प्रेमी की चाकू से हत्या की
ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे एक विदेशी युवक की उसकी प्रेमिका ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें जीआईएमएस अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक विदेशी नागरिक को मृत अवस्था में लाया गया है। मृतक की पहचान दक्षिण कोरियाई नागरिक डक ही यू के रूप में हुई, जो गौतमबुद्धनगर के सेक्टर 150 स्थित एटीएस पायस हाइड वेज सोसायटी में रह रहा था। अस्पताल में उसे मणिपुर की रहने वाली लुंजेना पमाई लेकर पहुंची थी, जो उसकी लिव इन पार्टनर थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि डक ही यू और लुंजेना पमाई लंबे समय से एक साथ रह रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि डक ही यू अक्सर शराब के नशे में लुंजेना के साथ मारपीट करता था। आए दिन होने वाले झगड़ों और घरेलू तनाव के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान लुंजेना ने गुस्से में आकर चाकू से डक ही यू पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
डक ही यू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज किया और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में लुंजेना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। मृतक एक मोबाइल कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


