Noida News: पिटबुल डॉग को लेकर सोसायटी में हंगामा, किरायेदार से फ्लैट खाली कराने की मांग

Noida News: पिटबुल डॉग को लेकर सोसायटी में हंगामा, किरायेदार से फ्लैट खाली कराने की मांग
नोएडा के सेक्टर-77 स्थित प्रतीक विस्टारिया सोसायटी में पिटबुल डॉग को लेकर शनिवार देर रात विवाद खड़ा हो गया। सोसायटी के निवासियों ने किरायेदार पर आरोप लगाया कि उसके पाले गए पिटबुल कुत्ते ने पहले भी कई लोगों को काटा है, जिससे लोग भय के माहौल में रह रहे हैं। इसी को लेकर बड़ी संख्या में निवासी एकत्र हुए और किरायेदार से फ्लैट खाली कराने तथा पिटबुल को सोसायटी से हटाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे कुछ निवासी किरायेदार से बातचीत करने उसके फ्लैट पर पहुंचे। उस समय घर की महिला बाहर गई हुई थी और घर में उसका बेटा अकेला मौजूद था। अचानक बड़ी संख्या में लोगों को देखकर वह घबरा गया और उसने अपने कुछ दोस्तों को सोसायटी बुला लिया। इसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर उन्हें शांत कराया और विवाद को बढ़ने से रोक दिया। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिटबुल डॉग से जुड़े मामले में नियमानुसार संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। वहीं फ्लैट खाली कराने का मामला न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए उसके लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।
पुलिस के अनुसार फिलहाल सोसायटी में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है। साथ ही पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।





