दिल्ली

Gangaram Hospital: गंगा राम अस्पताल की बड़ी सफलता, 3डी-प्रिंटेड इम्प्लांट से युवक का जटिल हिप रिकंस्ट्रक्शन सफल

Gangaram Hospital: गंगा राम अस्पताल की बड़ी सफलता, 3डी-प्रिंटेड इम्प्लांट से युवक का जटिल हिप रिकंस्ट्रक्शन सफल

नई दिल्ली स्थित Sir Ganga Ram Hospital ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 3डी-प्रिंटेड इम्प्लांट तकनीक से एक 28 वर्षीय युवक का जटिल हिप रिकंस्ट्रक्शन सफलतापूर्वक किया है। अस्पताल के अनुसार यह पहला मामला है, जिसमें पुरानी संक्रमण और भारी हड्डी क्षति के बाद मरीज-विशेष 3डी-प्रिंटेड इम्प्लांट का इस्तेमाल किया गया।

जानकारी के मुताबिक युवक करीब 22 महीने पहले एक गंभीर सड़क हादसे में घायल हो गया था। दुर्घटना के बाद उसकी स्थिति लगातार जटिल बनी रही और अब तक उसकी 10 सर्जरी हो चुकी थीं। इसके बावजूद संक्रमण पूरी तरह खत्म नहीं हो पा रहा था। मरीज को लगातार पस का रिसाव, हड्डियों की गंभीर क्षति और चलने-फिरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अस्पताल की ऑर्थोपेडिक और इंफेक्शियस डिजीज विशेषज्ञों की टीम ने पहले मरीज के संक्रमण की सटीक पहचान के लिए अत्याधुनिक ‘बायोफायर जॉइंट इन्फेक्शन पैनल’ तकनीक का उपयोग किया। इसके बाद लक्षित एंटीबायोटिक थेरेपी के जरिए संक्रमण को नियंत्रित किया गया।

संक्रमण नियंत्रित होने के बाद डॉक्टरों ने सीटी-आधारित 3डी रिकंस्ट्रक्शन तकनीक की मदद से मरीज के लिए विशेष टाइटेनियम एसीटैबुलर इम्प्लांट तैयार किया। यह इम्प्लांट पूरी तरह मरीज की हड्डियों की संरचना के अनुसार डिजाइन किया गया था ताकि रिकंस्ट्रक्शन अधिक सटीक और सफल हो सके।

करीब छह घंटे तक चली यह जटिल 11वीं सर्जरी डॉ. निपुण राणा के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक पूरी की। अस्पताल के अनुसार सर्जरी के बाद मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहा है। संक्रमण पूरी तरह नियंत्रित है और उसकी चलने-फिरने की क्षमता में भी लगातार सुधार देखा जा रहा है।

डॉक्टरों का कहना है कि 3डी-प्रिंटेड इम्प्लांट तकनीक भविष्य में जटिल हड्डी और जोड़ संबंधी सर्जरी के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। इससे गंभीर मरीजों को नई उम्मीद और बेहतर जीवन गुणवत्ता मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button