Delhi Sealing Drive: दिल्ली में सीलिंग के डर से व्यापारियों ने हटाए शटर, दुकानों के आगे बनाई दीवारें

Delhi Sealing Drive: दिल्ली में सीलिंग के डर से व्यापारियों ने हटाए शटर, दुकानों के आगे बनाई दीवारें

रिपोर्ट: रवि डालमिया

राजधानी दिल्ली में सीलिंग को लेकर व्यापारियों के बीच डर और असमंजस का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में हालात ऐसे बन गए हैं कि व्यापारी अपनी दुकानों और शोरूम को सीलिंग कार्रवाई से बचाने के लिए खुद ही शटर हटाकर उनके सामने पक्की दीवारें खड़ी कर रहे हैं। इलाके में बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपनी दुकानें खाली कर दी हैं, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दे रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दिल्ली विकास प्राधिकरण और नगर निगम द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इलाके में सीलिंग अभियान चलाए जाने की चर्चा तेज है। इसी आशंका के चलते व्यापारियों में भारी खौफ का माहौल बना हुआ है। दुकानदारों को डर है कि अगर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की तो उनकी दुकानें सील कर दी जाएंगी और उनका कारोबार पूरी तरह बंद हो जाएगा।

बताया जा रहा है कि न्यू अशोक नगर मेट्रो रोड पर करीब 400 से 500 दुकानें और बड़े शोरूम मौजूद हैं। इन दुकानों के जरिए हजारों परिवारों की रोजी-रोटी चलती है। व्यापारियों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से उन्होंने अपना कारोबार खड़ा किया है, लेकिन अब सीलिंग की आशंका के चलते उनके सामने भविष्य को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

इलाके के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों से सामान निकालना शुरू कर दिया है। वहीं कुछ व्यापारियों ने दुकान के शटर हटाकर सामने ईंट और सीमेंट की पक्की दीवार बना दी है ताकि प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके। बाजार में इस तरह के दृश्य देखकर स्थानीय लोग भी हैरान हैं।

व्यापारियों का कहना है कि अगर सीलिंग की कार्रवाई होती है तो केवल दुकानदार ही प्रभावित नहीं होंगे, बल्कि दुकानों में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों और मजदूरों के सामने भी रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। उनका कहना है कि बाजार बंद होने से हजारों परिवार आर्थिक संकट में आ सकते हैं।

दुकानदारों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कोई बीच का रास्ता निकाला जाए। उनका कहना है कि ऐसा समाधान होना चाहिए जिससे कारोबार भी चलता रहे और लोगों की रोजी-रोटी भी सुरक्षित रहे।

फिलहाल इलाके में सीलिंग को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं और व्यापारी वर्ग लगातार प्रशासन के अगले कदम पर नजर बनाए हुए है। बाजारों में अनिश्चितता और डर का माहौल साफ दिखाई दे रहा है।

Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img