Delhi-Mumbai Expressway Fire: चलती कार में भीषण आग, एक ही परिवार के 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Delhi-Mumbai Expressway Fire: चलती कार में भीषण आग, एक ही परिवार के 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां चलती कार में अचानक आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना Delhi-Mumbai Expressway पर राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर इलाके में हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सीएनजी गैस का तेज रिसाव हुआ, जिसके बाद वाहन ने अचानक आग पकड़ ली। आग इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और कुछ ही पलों में पूरी गाड़ी आग के गोले में बदल गई। इस हादसे में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि शव पूरी तरह जल गए और उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है।

बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव का यह परिवार वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहा था। यात्रा के लिए उन्होंने एक टैक्सी किराए पर ली थी। जैसे ही वाहन अलवर के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में पहुंचा, अचानक गैस लीक होने लगी और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सभी यात्री आग की भेंट चढ़ चुके थे। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और बाद में SMS Hospital जयपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शवों की हालत इतनी खराब है कि उनकी पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मौके पर पुलिस अधीक्षक भी पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

प्राथमिक जांच में सीएनजी गैस रिसाव को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही सटीक कारण सामने आएगा। यह हादसा एक बार फिर वाहनों में गैस सिस्टम की सुरक्षा और नियमित जांच की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img