दिल्ली

Delhi heatwave: दिल्ली में ‘आग उगलता’ मौसम, बच्चों और बुजुर्गों पर बढ़ा सबसे बड़ा खतरा

Delhi heatwave: दिल्ली में ‘आग उगलता’ मौसम, बच्चों और बुजुर्गों पर बढ़ा सबसे बड़ा खतरा

नई दिल्ली में भीषण गर्मी ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान लगातार बढ़ने और लू के तेज असर के चलते हालात गंभीर हो गए हैं। एम्स दिल्ली ने हीट अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि लू अब जानलेवा स्तर पर पहुंच चुकी है और खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

एम्स के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. नवल विक्रम के अनुसार, इस समय गर्म हवाएं शरीर पर तेजी से असर डाल रही हैं, जिससे हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ रहे हैं। अस्पतालों में पिछले एक हफ्ते में मरीजों की संख्या में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सफदरजंग अस्पताल, राम मनोहर लोहिया अस्पताल और एम्स की ओपीडी में बड़ी संख्या में मरीज डिहाइड्रेशन, तेज बुखार और हीट स्ट्रोक की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पतालों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। एम्स में हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए अलग बेड और इलेक्ट्रोलाइट्स का पर्याप्त स्टॉक तैयार किया गया है। आरएमएल अस्पताल में स्पेशल हीट स्ट्रोक क्लिनिक और आइस-बाथ सुविधा शुरू की गई है, जबकि सफदरजंग अस्पताल में मरीजों के लिए शेड, ठंडे पानी और अन्य सुविधाएं बढ़ाई गई हैं।

डॉक्टरों के अनुसार इस भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को है। मजदूर वर्ग में डिहाइड्रेशन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जबकि दिल के मरीजों में ब्लड प्रेशर असंतुलन की समस्या भी सामने आ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि लापरवाही इस मौसम में जानलेवा साबित हो सकती है।

चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में सिर को ढककर रखना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्के सूती कपड़े पहनना और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत ठंडी जगह पर जाना बेहद जरूरी है।

दिल्ली में जारी यह भीषण गर्मी आने वाले दिनों में और चुनौतीपूर्ण हो सकती है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

Related Articles

Back to top button