Delhi Education Policy: दिल्ली की शिक्षा पर रेखा गुप्ता का बड़ा बयान, कहा- “शिक्षा सेवा है, व्यवसाय नहीं”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि 1973 के बाद यह पहली बार है जब किसी सरकार ने खुलकर अभिभावकों के साथ खड़े होने का साहस दिखाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने जो कदम उठाए हैं, वे आम आदमी पार्टी को चौंका रहे हैं, क्योंकि जो काम वे नहीं कर सके, वह भाजपा ने करके दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार बच्चों के भविष्य और हित को सर्वोपरि मानते हुए एक ऐसा एक्ट लेकर आई है जिससे शिक्षा को व्यावसायिक लाभ की जगह सामाजिक सेवा के रूप में स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा, “हर नियम इस ओर इशारा करता है कि शिक्षा कोई व्यवसाय नहीं है। अगर आप शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, तो आप समाज की सेवा कर रहे हैं।”
रेखा गुप्ता ने स्कूल संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वे शिक्षा को मुनाफा कमाने का जरिया समझ रहे हैं, तो दिल्ली में उन्हें संसाधन नहीं मिल पाएंगे। उन्होंने कहा कि स्कूल खोलने वालों को बच्चों को बेहतर शिक्षा देनी होगी और यही उनकी सामाजिक जिम्मेदारी है।

